सांसद हमारे ताऊ हैं
पुलिस ने खुद मुकदमा दर्ज किया
घटनास्थल पर लगे CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश .
रविवार रात नशे में धुत कार सवार युवकों ने जमकर उत्पात
कानपुर: 29 जून 2026
कानपुर वीआईपी रोड स्थित ग्रीनपार्क चौराहे पर रविवार रात नशे में धुत कार सवार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया. एक बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद आरोपियों ने न सिर्फ उसके साथ मारपीट की, बल्कि बीच-बचाव करने और वीडियो बनाने पर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मी को भी देख लेने की धमकी दी. खुद को सांसद भोले सिंह का भतीजा बताने वाले मुख्य आरोपी ने पुलिस कर्मी से अभद्रता की, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए खुद की तरफ से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
घटना के दौरान जब ट्रैफिक कांस्टेबल ने स्थिति को बिगड़ते देख अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो मुख्य आरोपी भड़क गया. उसने पुलिस कर्मी की तरफ बढ़ते हुए कहा, सांसद भोले सिंह को जानते हो, ताऊ हैं हमारे. इसके बाद उसने कांस्टेबल का नाम पूछते हुए रौब दिखाने का प्रयास किया, जिस पर मुस्तैद सिपाही ने दो टूक जवाब दिया कि नाम नेमप्लेट पर लिखा है, पढ़ लो.
हालात हाथ से निकलते देख पुलिसकर्मी ने तुरंत वायरलेस सेट पर कंट्रोल रूम को संदेश भेजा, “सर, तुरंत फोर्स भेजिए, ये लोग बवाल और बदतमीजी कर रहे हैं.” हालांकि, अतिरिक्त पुलिस बल के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी अपनी सफेद रंग की फॉर्च्यूनर (UP 78 HV 6007) लेकर फूलबाग की तरफ रफूचक्कर हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब डीजी कॉलेज की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने चौराहे के मोड़ पर एक बाइक सवार को टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद कार में सवार 4-5 युवक नीचे उतरे और घायल बाइक सवार से ही उलझ गए. आरोपी न सिर्फ गाली-गलौज करने लगे, बल्कि उन्होंने पीड़ित के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे जबरन अपनी गाड़ी में बिठाने की कोशिश भी की.
शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के लोग और ट्रैफिक कर्मी मौके पर पहुंचे, तब जाकर पीड़ित को उनके चंगुल से छुड़ाया जा सका. पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन में आ गया है. डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 28 जून की रात हुए इस विवाद का वीडियो सामने आया है. हालांकि, अभी तक पीड़ित बाइक सवार ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन कानून व्यवस्था को हाथ में लेने और पुलिस कर्मी से अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपियों की पहचान की जा रही है.









