शनिवार देर शाम करीब सात बजे शराब के नशे में दो पक्षों के बीच कहासुनी
मौके पर अफरातफरी का माहौल
पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी की मदद से युवकों की तलाश में जुटी
वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कानपुर: 11 जुलाई 2026
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित मकड़ी खेड़ा अंग्रेजी शराब ठेके के बाहर शनिवार देर शाम करीब सात बजे शराब के नशे में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े।
मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। कुछ ही देर में राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने 112 नंबर डायल कर घटना की सूचना पुलिस को दी। वहीं पुलिस के आने से पहले सभी वहां से भाग निकले। पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी की मदद से युवकों की तलाश में जुटी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्ष शराब के नशे में थे। किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।
लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन नशेबाज उनसे भी मारपीट करने लगे। मारपीट का घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से मारपीट व गाली-गलौज करते दिखाई दिए। हंगामे की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल यूपी-112 पर दी। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष वहां से जा चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी।
कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि नशेबाजी को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। स्थानीय लोगों ने 112, के माध्यम से सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान कर सभी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।









